आवश्यकता महसूस हुई तो लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव अकेला चलने को तैयार
आवश्यकता महसूस हुई तो लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव अकेला चलने को तैयार
पत्रकार वार्ता में पप्पू यादव ने कहा
पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) बिहार की प्रमुख राजनीतिक ताकत है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस या अन्य पार्टी को पप्पू यादव की आवश्यकता महसूस हुई तो सही, अन्यथा पप्पू यादव अकेला राह चलने को तैयार हैं। आज पटना में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि लखीसराय में पिछड़ी जाति की लड़की से बलात्कार किया गया। बेगूसराय में एक जाति विशेष के युवकों के साथ मारपीट की गयी और उनके साथ यौन प्रताड़ना की गयी। श्री यादव ने कहा कि राज्य में कोई सुरक्षित नहीं है। जन अधिकार पार्टी (लो) सत्ता और विपक्ष दोनों को बेपर्दा करेगी। दोनों सत्ता की राजनीति कर रहे हैं और सत्ता-विपक्ष के लिए जनहित महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि नालंदा में ही बैंक मैनेजर की हत्या कर दी गयी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने ही जिले में कानून का राज कायम नहीं कर पा रहे हैं। वैसी स्थिति में बिहार में कानून का राज होने का दावा ढकोसला ही है।
पार्टी के कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए श्री यादव ने कहा कि 25, 26, 27 और 28 नवंबर को वाल्मीकिनगर में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। 25 और 26 नवंबर को जन अधिकार छात्र परिषद, जन अधिकार युवा परिषद और युवा शक्ति की बैठक होगी, जबकि 27 और 28 नवंबर को पार्टी की सभी विंगों की बैठक होगी। प्रशिक्षण शिविर में पार्टी की नीति, कार्यक्रम और भावी योजनाओं से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी 5 नवंबर को बेगूसराय से आजादी की लड़ाई की शुरुआत करेगी, जबकि उसी दिन पार्टी के कार्यकर्ता लखीसराय में प्रतिकार मार्च निकालेंगे। पार्टी 3 दिसंबर से ‘रोजगार व सुरक्षा नहीं तो सरकार नहीं अभियान’ की शुरुआत करेगी। इसकी शुरुआत सीतामढ़ी से की जाएगी। 14 दिनों के इस अभियान के तहत सभी लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी सभा आयोजित करेगी और सरकार की विफलता से जनता को अवगत कराएगी।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुपति सिंह, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह, राघवेंद्र कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू ,प्रदेश प्रधान महासचिव अवधेश कुमार लालू, प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता उमैर खान ,प्रदेश महासचिव अरुण कुमार सिंह ,अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सूर्य नारायण साहनी भी उपस्थित थे ।


.jpg)


